वैध पास की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, बैजनाथ पुलिस ने 103 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर को दबोचा

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बैजनाथ पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वैध आबकारी पास (रवाना) की आड़ में तय दुकान के बजाय अन्यत्र ठिकाने लगाने ले जाई जा रही 103 पेटी (1236 बोतल) मैकडॉवेल्स अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 8.77 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को सीज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रूटीन चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा तस्कर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय शाह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बुधवार तड़के करीब 01:45 बजे कोतवाली बैजनाथ के उपनिरीक्षक उमेश सिंह रजवार की टीम डंगोली-ग्वालदम मार्ग पर गश्त पर थी। इसी दौरान बैजनाथ तिराहे के पास काफल बार के बाहर एक संदिग्ध पिकअप वाहन (संख्या UK03 CA 2114) खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली, तो डाले के भीतर पेटियों के ऊपर एक युवक छिपा बैठा मिला, जो पुलिस को देखकर सकपका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुभाष कुमार (25 वर्ष), निवासी ललुवापानी (चम्पावत) बताया।

यह भी पढ़ें 👉  हुड़दंगियों पर पुलिस का 'थर्ड आई' एक्शन, एक झटके में नाप दिए 49 वाहन चालक

रास्ते में ही खुर्द-बुर्द कर दीं 47 पेटियां जब पुलिस ने आरोपी से शराब के प्रपत्र (रवाना) तलब किए, तो उसने चम्पावत FL-2 से कंधार (बागेश्वर) वाइन शॉप के लिए जारी 150 पेटी का पास दिखाया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूला कि उसने मुनाफाखोरी के चक्कर में 47 पेटियां रास्ते में ही अवैध रूप से सप्लाई कर दी थीं। वह बची हुई 103 पेटियों को भी कंधार दुकान में उतारने के बजाय ब्लैक में बेचने के लिए बैजनाथ में ग्राहक का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

यह भी पढ़ें 👉  चाइल्ड पोर्नोग्राफी वीडियो फेसबुक पर अपलोड करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज

वाहन सीज, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज सीओ अजय शाह ने बताया कि आरोपी सुभाष कुमार के पास मौके पर शराब परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद 103 पेटी शराब जब्त कर पिकअप वाहन को धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बैजनाथ में मु.अ.सं. 23/2026, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क और रास्ते में शराब खरीदने वालों का पता लगा रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल: सफलता पाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमेश सिंह रजवार के साथ हेड कांस्टेबल नरेंद्र राणा, राजेंद्र रौतेला, अशोक कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र ढोक्ती और राधेश्याम लोहनी शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad