मुख्यमंत्री योगी की मां का 91 वर्ष की आयु में निधन, सीएम धामी ने जताया शोक

ख़बर शेयर करें -

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं।
सावित्री देवी अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रहती थीं, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बचपन भी बीता है। मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में योगी आदित्यनाथ लंबे अंतराल के बाद अपने गांव पंचूर गए थे। उस समय उन्होंने अपनी मां से मुलाकात कर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था, जिसकी तस्वीरें काफी चर्चा में रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि
सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार बेहद दुखद और हृदयविदारक है। सीएम धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।