26 साल का उत्तराखंड: शहीदों को नमन, आंदोलनकारियों के संघर्ष को सलाम

ख़बर शेयर करें -

राज्य स्थापना दिवस पर बागेश्वर में आंदोलनकारियों और उनके परिजनों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जिलेभर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। स्थापना दिवस पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया।
सोमवार सुबह कोतवाली परिसर स्थित शहीद स्मारक में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया। इसके बाद एनसीसी और एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली। विद्यार्थियों ने ‘हमारा उत्तराखंड कैसा हो, शहीदों के सपनों जैसा हो’ और ‘शिक्षित उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ जैसे नारों के साथ राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को याद किया। खेल विभाग की ओर से क्रॉस कंट्री दौड़ भी आयोजित की गई।
नुमाइशखेत मैदान में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे और विधायक पार्वती दास ने किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आंदोलनकारियों ने राज्य निर्माण के संघर्ष से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और प्रदेश के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा बेहतर भविष्य के लिए सुझाव रखे।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। सूचना विभाग की ओर से राज्य स्थापना दिवस पर विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। पुस्तिका में प्रदेश में संचालित विकास कार्यों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विवरण दिया गया है।
मैदान में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों का भ्रमण किया और विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
इस मौके पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, विधायक पार्वती दास, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल और दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के कारण ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हो पाया। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन दीप जोशी ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी आदि मौजूद थे।