बागेश्वर में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, महिला और उसका भाई गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

अधिवक्ता धीरेन्द्र परिहार की हत्या कर शव चारपाई के नीचे छिपाया, फिर कार से ले जाकर नदी में फेंका; पुलिस ने बरामद की लोहे की रॉड और कार

बागेश्वर। करीब 17 दिन से लापता चल रहे 35 वर्षीय धीरेन्द्र परिहार उर्फ कक्कू की हत्या का बागेश्वर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के आरोप में नुमाइशखेत निवासी एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर तीन नवंबर की शाम गोमती नदी के पास से युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल मेग्नाइट कार भी कब्जे में ली है।

पुलिस के अनुसार, तल्ली बाजार बागनाथ वार्ड निवासी नंदी परिहार ने 31 अक्टूबर 2026 को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र धीरेन्द्र परिहार (35) 17 अक्टूबर को शाम छह बजे बागेश्वर बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने एफआईआर संख्या 79/26 के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  17 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का शव थुणाई नदी किनारे से बरामद, क्षेत्र में मचा हड़कंप

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद ली। तकनीकी विश्लेषण में धीरेन्द्र की आखिरी बातचीत लता भंडारी के मोबाइल नंबर से होना सामने आया। पुलिस ने महिला के घर के आसपास की फुटेज खंगाली। दो नवंबर को युवक की स्कूटी चिल्ड्रन पार्क नुमाइशखेत के पास खड़ी मिली। वहीं, 19 अक्टूबर की रात महिला की कार की आवाजाही भी सीसीटीवी में दिखाई दी।

यह भी पढ़ें 👉  17 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का शव थुणाई नदी किनारे से बरामद, क्षेत्र में मचा हड़कंप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेन्द्र उसके घर आया था। कथित तौर पर जबरदस्ती करने के प्रयास का विरोध करते हुए उसने लोहे की रॉड से उसके सिर पर दो वार किए। इसके बाद शव को चारपाई के नीचे छिपा दिया। अगले दिन अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू को घटना बताई। दोनों ने रात में शव को कार संख्या UK02B-3843 में रखकर बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुनाई बैंड के पास नदी में फेंक दिया।

पुलिस ने मामले में हत्या, साक्ष्य मिटाने समेत संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए लता भंडारी (42) और त्रिभुवन सिंह बिष्ट (39) को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad