घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर चोर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, 15 हजार की नकदी शत-प्रतिशत बरामद

ख़बर शेयर करें -
  • फलटनिया चंडिका क्षेत्र की घटना, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर नुमाइशखेत निवासी आरोपी अभिषेक कुमार को दबोचा
  • अभियुक्त का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास, पूर्व में भी चोरी और एनडीपीएस के मामलों में रह चुका है लिप्त

बागेश्वर।

कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फलटनिया चंडिका में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत यानी 15,000 रुपये की नकदी भी पूरी तरह बरामद कर ली है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 28 अक्टूबर 2026 को फलटनिया चंडिका निवासी वादिनी ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर देकर अज्ञात चोर द्वारा घर का ताला तोड़कर 15,000 रुपये नगद और बैंक पासबुक चोरी कर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इस पर कोतवाली बागेश्वर में सेंधमारी और चोरी से संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस टीम का गठन किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  डिजिटल अपराध : योनो ऐप के नाम पर बुजुर्ग से ठगे ₹4.70 लाख

क्षेत्राधिकारी बागेश्वर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ठोस सुरागरसी-पतारसी तथा मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अभियुक्त अभिषेक कुमार पुत्र दीपक कुमार, निवासी नुमाइशखेत, बागेश्वर (उम्र 25 वर्ष) को ट्यूनेरा तहसील रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट जैसे विभिन्न मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें 👉  442 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम में अपर उप-निरीक्षक लतिका पंत, हेड कांस्टेबल ललित पांडे और कांस्टेबल उमेश सिंह शामिल रहे।

बोले जिम्मेदार:

“क्षेत्र में चोरी और संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। फलटनिया क्षेत्र में हुई चोरी की इस घटना में पुलिस टीम ने त्वरित और बेहतरीन कार्यशैली दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को शत-प्रतिशत बरामदगी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

— अजय शाह, क्षेत्राधिकारी (CO), बागेश्वर

ADVERTISEMENTS Ad