गोमती नदी में मिला क्लर्क का शव, स्कूटी मिलने के बाद शुरू हुई थी तलाश

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। जिला चिकित्सालय में तैनात क्लर्क का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार शाम से लापता युवक की स्कूटी द्यांगण-नदीगांव बाईपास के पास गोमती नदी किनारे लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम ने नदी क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया। तलाश के दौरान उनका शव बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के ग्राम एराड़ पंतकोटली निवासी मोहित मेहरा पुत्र मोहन सिंह मेहरा बागेश्वर जिला चिकित्सालय में मृतक आश्रित कोटे से क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। वह वर्तमान में अड़ौली में किराये के कमरे में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि मोहित सोमवार शाम करीब चार बजे अपने कमरे से बाजार जाने के लिए निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान द्यांगण-नदीगांव बाईपास के पास गोमती नदी किनारे उनकी स्कूटी लावारिस हालत में मिली। स्कूटी नदी के पास मिलने के बाद उनके साथ अनहोनी की आशंका गहरा गई।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नदी में खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद मोहित का शव बरामद किया गया।
फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।