आधी रात को ‘मेहमान’ बना तेंदुआ, 13 घंटे की कैद के बाद वन विभाग ने किया आज़ाद

ख़बर शेयर करें -

स्टोर रूम में कुत्ते को बंद करने गई थी महिला, अंधेरे का फायदा उठाकर अंदर घुस गया 7 साल का गुलदार; सुबह 11 बजे हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
बागेश्वर। जिले के थकलाड़ ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्वाटा तोक में बृहस्पतिवार की देर रात तेंदुआ चुपके से एक ग्रामीण के घर के स्टोर रूम में जा घुसा। इसके बाद करीब 13 घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और वन विभाग के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार सुबह तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ही डरे-सहमे ग्रामीणों ने चैन की सांस ली।
अनजाने में तेंदुए को ही कर दिया कमरे में बंद!
घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10:30 बजे की है। स्थानीय निवासी मोहन सिंह रावत की पत्नी विमला देवी अपने पालतू कुत्ते को टॉयलेट कराने के लिए स्टोर रूम से बाहर ले गई थीं। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर खूंखार तेंदुआ दबे पांव स्टोर रूम के भीतर दाखिल हो गया। विमला देवी को इस बात की भनक तक नहीं लगी। उन्होंने कुत्ते को वापस अंदर रखा और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर सोने चली गईं।
कमरे से आई अजीब आवाजें, तो उड़े होश
कुछ देर बाद जब स्टोर रूम के भीतर से अजीब और असामान्य आवाजें आने लगीं, तो विमला देवी ने वापस जाकर खिड़की से झांका। अंदर का नजारा देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई—कमरे में साक्षात तेंदुआ मौजूद था! विमला देवी ने तुरंत शोर मचाया, जिससे परिजनों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
रात 2 बजे पहुंची टीम, सुबह 11 बजे मिली कामयाबी
घनी आबादी के बीच तेंदुए की मौजूदगी की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम रात करीब दो बजे मौके पर पहुंच गई। आबादी क्षेत्र होने के कारण तेंदुए को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित पकड़ना वनकर्मियों के लिए एक अग्निपरीक्षा जैसा था। रातभर ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर मुस्तैद रही। आखिरकार, कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सफलतापूर्वक पिंजरे में कैद (रेस्क्यू) कर लिया।

” तेंदुआ नर है और उसकी उम्र करीब सात वर्ष है। गनीमत रही कि उसने किसी पर हमला नहीं किया और वह पूरी तरह स्वस्थ है। उसे जल्द ही उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।”
— श्याम सिंह करायत, रेंजर

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सीएम धामी से अभिनेता अक्षय कुमार ने की शिष्टाचार भेंट, उत्तराखंड की फिल्म नीति और संभावनाओं पर हुई चर्चा
Ad