नए एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने संभाला पदभार, बाबा बागनाथ के किए दर्शन; पुलिस दफ्तर का किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -
  • पदभार ग्रहण करने से पहले बाबा बागनाथ मंदिर में दर्शन कर जिले की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की
  • आकस्मिक निरीक्षण में विभिन्न शाखाओं के अभिलेख परखे, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

बागेश्वर नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र (आईपीएस) ने शनिवार को बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाल लिया. कार्यभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने बाबा बागनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और जिले में सुख-समृद्धि व शांति बनी रहने की कामना की.

इसके बाद पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्द सलामी दी. पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान आंकिक शाखा, शिकायत सेल और प्रधान लिपिक कार्यालय सहित अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली को बारीकी से जांचा गया.

यह भी पढ़ें 👉  गांजा-स्मैक के साथ तीन महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक ने शाखाओं के महत्वपूर्ण रजिस्टरों व अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले हर फरियादी की समस्या को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका समयबद्ध व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित हो. साथ ही कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और पुलिसकर्मियों को पूरी वर्दी व उच्च अनुशासन के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी गई.

“पुलिस कार्यालय जनपद की कार्यप्रणाली का मुख्य केंद्र है. यहां कार्यों में पारदर्शिता, गति और शुद्धता होना अनिवार्य है, ताकि जनता को न्याय मिलने में किसी प्रकार की देरी न हो.”

— डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक, बागेश्वर