भीषण हादसा: 100 मीटर गहरे में गिरी यात्री बस, 8 की मौत

ख़बर शेयर करें -

20 यात्री घायल, 19 गंभीर घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में कराया गया भर्ती


उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक बस ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरे गदेरे (खाई) में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 8 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ‘विश्वनाथ सेवा’ की यह बस मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे यात्रियों को लेकर हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। गूलर बाजार के पास पहुंचते ही चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 12 संदिग्धों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत एक्शन


एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, 7 ने मौके पर तोड़ा दम


दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की ब्यासी व ढालवाला पोस्ट की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्गम खाई होने के बावजूद जवानों ने रस्सियों की मदद से नीचे उतरकर घायलों को बाहर निकाला। इस हादसे में 7 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक गंभीर घायल ने एम्स ऋषिकेश पहुंचने पर दम तोड़ दिया।
अस्पताल में चल रहा घायलों का उपचार
टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने बताया कि रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बस से निकाले गए कुल 20 घायलों में से 19 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। प्रशासन द्वारा मृतकों की शिनाख्त और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।