नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 12 संदिग्धों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत एक्शन

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बागेश्वर पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों और सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की है। इनमें से 04 वाहनों के चालान माननीय न्यायालय के सुपुर्द किए गए हैं।

इसके अलावा, देर शाम पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत होटल और ढाबों की सघन चेकिंग की। इस दौरान बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाकर 06 लोगों का वेरिफिकेशन किया गया। पुलिस बाहर से आकर अपनी पहचान छिपाकर या वेश बदलकर रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई कर रही है। सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे 12 अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।