
धनतेरस और दीपावली पर यातायात व्यवस्था में बदलाव, भारी वाहनों और टैक्सियों के नगर में प्रवेश पर प्रतिबंध
बागेश्वर। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए आज से बागेश्वर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से जारी नया डायवर्जन प्लान 6 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। इसके तहत शहर में भारी वाहनों और टैक्सी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। वहीं, टैक्सी वाहनों को निर्धारित स्टैंड से नगर की ओर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
नए रूट प्लान के अनुसार, अल्मोड़ा-ताकुला रोड से गरुड़ जाने वाले वाहनों को मांग का धारा से विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज, जजी (नदी गांव) बाईपास होते हुए द्यांगड़ के रास्ते भेजा जाएगा। जबकि अल्मोड़ा-ताकुला रोड से कपकोट, कांडा और मंडलसेरा जाने वाले वाहन विलोना बाईपास से पुराने एआरटीओ कार्यालय होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
कपकोट रोड से द्यांगड़ और गरुड़ जाने वाले वाहनों को आरे बाईपास से भेजा जाएगा। वहीं, पिथौरागढ़ और कांडा रोड से हल्द्वानी, अल्मोड़ा एवं ताकुला रोड जाने वाले वाहन पुराने एआरटीओ कार्यालय से चंडिका रोड होते हुए बिलौना बाईपास का इस्तेमाल करेंगे। पिथौरागढ़ और कांडा रोड से गरुड़ जाने वाले वाहनों को भागीरथी बाईपास से आरे बाईपास होते हुए द्यांगड़ की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह गरुड़ रोड से हल्द्वानी, अल्मोड़ा और ताकुला रोड जाने वाले वाहन जजी (नदी गांव) बाईपास से विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज और मांग का धारा बाईपास होते हुए जाएंगे। गरुड़ रोड से कपकोट, कांडा, मंडलसेरा और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को आरे बाईपास एवं मंडलसेरा बाईपास से होकर गुजरना होगा।
इसके अलावा 6 नवंबर को बागेश्वर नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि शहर में आवागमन के दौरान नए रूट प्लान का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।







