दोहरा हत्याकांड: भतीजे ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट, बहू गंभीर रूप से घायल

ख़बर शेयर करें -


बागेश्वर । उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के गरुड़ तहसील से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां नरग्वाड़ी गांव में एक कलयुगी भतीजे ने पारिवारिक रिश्तों को तार-तार करते हुए अपने ही सगे चाचा और चाची की लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई मृतक की बहू भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी मौके से फरार है।
लोहे की रॉड से किया ताबड़तोड़ हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात ग्राम नरग्वाड़ी में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के ही गोविंद बल्लभ खोलिया (पुत्र मथुरा दत्त खोलिया) ने अपने सगे चाचा पूरन चन्द्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की भारी रॉड से हमला बोल दिया। आरोपी ने दोनों पर तब तक ताबड़तोड़ वार किए जब तक कि वे लहूलुहान होकर गिर नहीं पड़े। इसी दौरान घर में मौजूद बहू दया खोलिया (पत्नी नवीन खोलिया) ने जब अपने सास-ससुर को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और 112 को आपातकालीन सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों पीड़ितों को लहुलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बैजनाथ ले गई। हालांकि, डॉक्टरों ने पूरन चंद्र खोलिया (58 वर्ष) और उनकी पत्नी भगवती देवी (54 वर्ष) को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बहू दया खोलिया की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है।
गांव में दहशत, आरोपी की तलाश में 4 टीमें गठित
इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे नरग्वाड़ी गांव और आसपास के इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया है।
कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। फरार आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।