
बागेश्वर। साइबर ठगों के जाल में फंसकर ₹4,69,999 गंवाने वाले काण्डा के 77 वर्षीय बुजुर्ग दिनेश चंद्र जोशी को पुलिस ने राहत दी। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी रकम शत-प्रतिशत रिकवर कराकर बुजुर्ग के खाते में वापस भेज दी है।
बीती 17 अगस्त को शातिर ठग ने बैंक अधिकारी बनकर बुजुर्ग को फोन किया और YONO ऐप खुलवाने के बहाने उनके खाते से ₹4.70 लाख उड़ा दिए। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
एसपी जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर काण्डा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच निरीक्षक राजेन्द्र सिंह बिष्ट को सौंपी गई। साइबर सेल की तकनीकी टीम ने तुरंत ट्रांजैक्शन चेन को ट्रैक कर ठग के खाते में रकम फ्रीज करा दी। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कोर्ट के आदेश से पीड़ित को उनकी पूरी गाढ़ी कमाई वापस मिल गई।







