सीएम धामी से अभिनेता अक्षय कुमार ने की शिष्टाचार भेंट, उत्तराखंड की फिल्म नीति और संभावनाओं पर हुई चर्चा

ख़बर शेयर करें -
  • मसूरी और लंढौर क्षेत्र में चल रही है फिल्म की शूटिंग; मुख्यमंत्री ने प्रदेश को बताया देश का प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन
  • सिंगल विंडो सिस्टम और अनुदान से बढ़ रहे फिल्म निर्माण के अवसर, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिल रहा बढ़ावा

देहरादून/बागेश्वर।

प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा दिए जाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मसूरी और लंढौर क्षेत्र में मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बातचीत के दौरान कहा कि उत्तराखंड अब देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। राज्य की नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अनूठी भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म फ्रेंडली माहौल लगातार देश-दुनिया के फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहा है। यहां बड़े प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से वैश्विक स्तर पर प्रदेश की साख और मजबूत हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  बदियाकोट में मां भगवती के ऐतिहासिक मंदिर में लगी भीषण आग, मुख्य मंदिर को भारी नुकसान

फिल्म नीति-2024 के मिल रहे सकारात्मक परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई ‘उत्तराखंड फिल्म नीति-2024’ के बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम (एकल खिड़की प्रणाली) के माध्यम से शूटिंग की अनुमतियां और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहद आसान तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक अनुदान (सब्सिडी) की व्यवस्था भी की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  छत से गिरकर चालक की मौत, हायर सेंटर ले जाते वक्त तोड़ा दम, परिवार में छाया मातम

स्थानीय युवाओं के लिए सृजित हो रहे रोजगार के अवसर

सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना तो है ही, साथ ही इसके जरिए स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए द्वार खोलना भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय छोटे-बड़े व्यवसायों को भी अभूतपूर्व लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार फिल्म जगत से जुड़े सभी निर्माताओं और कलाकारों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ADVERTISEMENTS Ad