धनुषपुल के पास चेकिंग में दबोचा बरेली का तस्कर, कार से 2,770 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद

ख़बर शेयर करें -


बनबसा (चम्पावत)।
चम्पावत पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने धनुषपुल के पास चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद कर उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नशे की खेप के अलावा नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को सीज कर दिया है।
चम्पावत की पुलिस अधीक्षक (एसपी) रेखा यादव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम धनुषपुल के पास सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 2,470 नशीले कैप्सूल और 300 नशीली गोलियां (कुल 2,770 प्रतिबंधित दवाएं) बरामद हुईं। इसके साथ ही आरोपी के पास से ₹4,000 की नकदी और एक मोबाइल फोन भी मिला।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तस्कर की पहचान 35 वर्षीय विक्रम सिंह के रूप में हुई है, जो बहेड़ी (जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। थाना बनबसा में आरोपी के खिलाफ धारा 8/22/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया गया है।
कुमाऊँ में होनी थी सप्लाई, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह इन नशीली दवाओं की खेप को कुमाऊँ क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करने जा रहा था। एसपी रेखा यादव ने बताया कि इस धंधे के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय होने की आशंका है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य माध्यमों से इसके संभावित सप्लाई नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।
हेल्पलाइन 1933 पर दें सूचना
चम्पावत पुलिस ने आम जनता से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यदि किसी भी व्यक्ति को नशे की तस्करी या इसके अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सरयू नदी के तेज बहाव में बहा युवक: कपकोट पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से बचाई जान
Ad