
शनिवार दोपहर 12:35 बजे महसूस हुए झटके, जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
बागेश्वर। बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई है। अचानक आए झटकों से कुछ स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए, हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप दोपहर 12:35:11 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में 29.984 अक्षांश (उत्तर) और 79.692 देशांतर (पूर्व) पर जमीन के भीतर महज पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। कम गहराई होने के कारण आसपास के इलाकों में झटके साफ महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। जिला आपदा कंट्रोल रूम से सभी तहसीलों, पुलिस चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों से स्थिति का फीडबैक लिया जा रहा है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल की हानि की खबर नहीं है। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम को तुरंत सूचित करने की अपील की है।





