लोकसभा की 542 सीटों पर होगी मतगणना, कुछ घंटों में साफ हो जाएगी नई सरकार की तस्वीर

ख़बर शेयर करें -

करीब 80 दिन तक चले लोकतंत्र के महापर्व का परिणाम आज घोषित होने जा रहा है। देश की सभी 542 लोकसभा सीट पर मतों की गिनती शुरू हो गई है। कुछ ही घंटों में तय हो जाएगा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता की हैट्रिक लगाता है या फिर विपक्षी इंडिया समूह सत्ता परिवर्तन के अपने प्रयास में सफल होता है। इस चुनावी उत्सव में देश के 97 करोड़ मतदाताओं ने हिस्सा लिया था।
  मतगणना के लिए सभी राज्यों के जिला मुख्यालयों पर मतगणना केन्द्र स्थापित किए गए हैं। सभी मतगणना केन्द्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। आंध्र प्रदेश विधानसभा की 175 और ओडिशा की 147 सीटों के लिए हुए मतदान की गणना भी मंगलवार को लोकसभा चुनाव की मतगणना के साथ-साथ कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की 25 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना भी आज ही संपन्न होंगी। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 16 मार्च को हुआ था। सात चरणों में चुनाव कराए गए थे। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को हुई थी। इसके बाद 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान हुए थे।