दिल्ली में आप मस्त, कांग्रेस पस्त और भाजपा त्रस्त, 15 साल की बादशाहत पर फिरा झाड़ू, अब दिल्ली हुई आप की

ख़बर शेयर करें -

चार दिसंबर को हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने बहुमत हासिल करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। आप की झाड़ू ने भाजपा के शासन को खत्म करने के साथ ही कांग्रेस को भी पटखनी दी है। 250 वार्डों से आप ने 134 सीटों पर जीत हासिल की हैं।
वहीं बीजेपी ने 104 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने नौ और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन सीटें जीती हैं। चुनाव आयोग ने 250 वार्डों की मतगणना पूरी होने के बाद फाइनल रिजल्ट जारी किया है।

अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप ने नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के 15 साल की बादशाहत को खत्म किया है। चुनाव आयोग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक आप ने 250 में से 134 वार्डों पर जीत हासिल की है। भाजपा जो की साल 2007 से नगर निकाय पर शासन कर रही थी, 104 सीटें जीतने में सफल रही। ऐसे में एमसीडी चुनावों में बीजेपी को 15 साल बाद हार का सामना करना पड़ा है।