तिरंगे का सम्मान नहीं करने वाले घर-घर फहरा रहे तिरंगा, भाजपा के खाने के दांत औऱ दिखाने के और: महरा

ख़बर शेयर करें -


बागेश्वर। भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में शिरकत करने के लिए बागेश्वर आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के हर घर जोड़ो तिरंगा यात्रा को लेकर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी तिरंगे का सम्मान नहीं किया आज वही घर-घर तिरंगा फहराने जा रहे हैं। आजादी के 75 साल बाद भारतीय जनता पार्टी को याद आई है कि गांधी के पीछे चलने और तिरंगे झंडे के नीचे रहने पर ही उनका वजूद सुरक्षित है।

प्रदेश अध्यक्ष मेहरा ने अगस्त क्रांति के अवसर पार्टी द्वारा भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा किस संघ ने कभी तिरंगे का सम्मान नहीं किया वर्तमान में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने के बावजूद संघ के लोगों ने तिरंगे वाली डीपी नहीं लगाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वतंत्रता दिवस गांधी जयंती और गणतंत्र दिवस पर इस तरह के कार्यक्रम करती आई है और अगस्त क्रांति पर भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का कार्यक्रम भी पहले से निर्धारित था। जिसे देखते हुए ही भाजपा ने 13 अगस्त से होने वाले हर घर तिरंगा अभियान को पहले शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे भाजपा कांग्रेस के सभी प्रतीकों और महापुरुषों के नाम को ही अपनाने जा रही है। जो एक तरह से कांग्रेस पार्टी की वैचारिक जीत है।
मेहरा ने कहा कि भारत आज गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं है। आंतरिक सुरक्षा भी खत्म हो गई है। देश की आजादी के बाद पहली बार दैनिक उपयोग की वस्तुओं दूध, दही, आटा, चावल जैसी चीजों पर जीएसटी लगाकर गरीबों की कमर तोड़ डाली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वर्षो से बनी सरकारी परिसंपत्तियों को बेचने का कार्य कर रही है। जो नही बिक रही उनका नाम बदलने का कार्य कर रही है। कांग्रेस ने पूर्व में भी स्वराज की लड़ाई लड़ी उसमें विजय प्राप्त की। आज भी वही आंदोलन चलाया जा रहा है। लेकिन भाजपा देश को बांटने व नफरत की राजनीति कर रही है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की आबादी 130 करोड़ है, लेकिन भाजपा केवल 100 करोड़ के घरों पर ही तिरंगा लगाने की बात कर रही है। 30 करोड़ कौन लोग है जिनके घरों पर तिरंगा नहीं फहराया जाएगा ये नहीं बता रही है। उन्होंने कहा कि आगामी गांधी जयंती के दिन दो अक्टूबर से कांग्रेस 12 राज्यों व दो केंद्र शासित प्रदेशों से 36000 किमी की भारत जोड़ो यात्रा निकालने जा रही है। जिसका नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकमणी पाठक मौजूद रहे।