बहुउद्देशीय शिविर में 640 ग्रामीणों ने उठाई सरकारी योजनाओं की सौगात

ख़बर शेयर करें -

कपकोट। प्रदेश सरकार की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ मुहिम के तहत सोमवार को न्याय पंचायत भराड़ी विकासखंड सभागार में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में लगे इस शिविर में शासन-प्रशासन की पूरी टीम जनता की दहलीज पर नजर आई। शिविर में 640 लाभार्थियों ने योजनाओं का लाभ उठाया, वहीं लापरवाही बरतने पर लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

मौके पर निपटीं 45 शिकायतें, एस्टीमेट के लिए एक सप्ताह की मोहलत

शिविर में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के पास कुल 72 शिकायतें पहुंचीं। जिलाधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए 45 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष प्रकरणों के लिए समय सीमा निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया। जिलाधिकारी ने आपदा से जुड़े लंबित एस्टीमेट्स को एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  डाकघर गबन मामला: सिमगढ़ी के तत्कालीन डाकपाल को कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा, जेल के साथ लगा भारी अर्थदंड

शिल्पकारों और महिलाओं से किया संवाद

जिलाधिकारी ने शिविर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की जानकारी ले रहीं महिलाओं और स्थानीय शिल्पकारों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अधिकारियों को दो-टूक कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

शिविर में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, उप जिलाधिकारी कपकोट अनिल चन्याल, ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह शाही सहित सभी रेखीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने घर के पास ही प्रमाण पत्र और अन्य सुविधाएं मिलने पर प्रशासन का आभार जताया।

यह भी पढ़ें 👉  हंगामा करने पर पुलिस का 'प्रहार', बागेश्वर में शांति भंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

अब 2 जनवरी को भनार और खुनौली में लगेगा शिविर

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शिविरों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। इसी क्रम में आगामी 02 जनवरी 2026 को प्राथमिक विद्यालय भनार तोली एवं खुनौली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके।

ADVERTISEMENTS Ad