
बागेश्वर : उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी और कपकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने फुलवाड़ी के पास चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की है। मामले में देहरादून और बागेश्वर के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 लाख रुपये आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान धरे गए तस्कर
पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी कपकोट मनीष शर्मा के पर्यवेक्षण में शुक्रवार (16 जनवरी) को एसओजी व कपकोट पुलिस फुलवाड़ी के पास वाहनों की तलाशी ले रही थी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही कार संख्या UK 07HE 3697 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 462 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान निम्न रूप में हुई है:
- आयुष सिंह रावत: पुत्र हरेंद्र सिंह रावत, निवासी गढ़ी कैंट, देहरादून।
- राज दानू: पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम डोला, थाना कपकोट, बागेश्वर।
वाहन सीज, कोर्ट में पेशी आज
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना कपकोट में धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। शनिवार को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
सफलता पाने वाली टीम में उपनिरीक्षक जीवन सामन्त, एएसआई राज भानू, हेड कांस्टेबल प्रकाश शर्मा, कांस्टेबल भूपेश फस्वार्ण, संतोष सिंह, रमेश सिंह, भुवन बोरा और चालक राजेंद्र कुमार शामिल थे।





