अंतिम दौर में पहुंचा प्रचार, सभी दलों ने लगाया जोर, सीएम धामी का रोड शो कल

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार अंतिम चरण में पहुंच गया है। भाजपा, कांग्रेस, यूकेडी, सपा और उपपा के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सभी दलों के प्रत्याशी प्रचार में पूरा जोर लगा रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी पूरी ताकत झोंक दी है, तो वहीं बीजेपी के तमाम मंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेता भी बागेश्वर में जमे हुए हैं। शनिवार और रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गरुड़, बागेश्वर और काफलीगैर में रोड शो और सभा करने वाले हैं। जिसकी तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। माना जा रहा है सीएम धामी का दौरा भाजपा के लिए संजीवनी साबित होगा।
स्व. चंदन राम राम के निधन से खाली हुई बागेश्वर विधानसभा सीट पर पांच सितंबर को होने वाले उपचुनाव काफी रोचक होता जा रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा स्व. दास की पत्नी पार्वती दास को प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतरी है, तो वहीं कांग्रेस ने पूर्व में बसपा और आप से चुनाव लड़ चुके बसंत कुमार पर दांव खेला है। भाजपा दिवंगत मंत्री के कार्यकाल में सड़क, शिक्षा, पेयजल समेत अन्य क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच में है। कार्यकर्ता जिले को रोडवेज की सौगात, बागनाथ मंदिर का नया रंगरूप, गांव, गांव तक सड़कों का जाल, पेयजल योजनाओं के काम को लोगों के बीच रख रहे हैं, वहीं कांग्रेस मूलभूत मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। दोनों दल अपने अपने जीत के वादे कर रहे हैं, लेकिन मतदाताओं की खामोशी ने दलों की परेशानी बढ़ा रखी है। कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत गरुड़ और बागेश्वर में लोगों के बीच जाकर जनसभा कर रहे हैं। एक ओर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन महारा, गोविंद कुंजवाल, प्रीतम सिंह जैसे बड़े नाम भी प्रचार में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा से कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्या, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी ने मोर्चा संभाला है। भाजपा की ओर से प्रचार का अंतिम वार करने की जिम्मेदारी संभालने के लिए सीएम धामी शनिवार को पहुचेंगे। उनका गरुड़ में रोड शो करने के बाद बागेश्वर में सभा और रोड शो का कार्यक्रम प्रस्तावित है। रविवार को सीएम काफलीगैर में जनसभा करेंगे।
इधर भाजपा और कांग्रेस की मुख्य लड़ाई के बीच यूकेडी, सपा और उपपा प्रत्याशी भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। यूकेडी से अर्जुन देव, सपा से भगवती प्रसाद त्रिकोटी और उपपा से भगवत कोहली चुनाव मैदान में हैं।