
- ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई; लंबे समय से फरार आरोपियों पर जारी हुआ था एनबीडब्ल्यू
- अवैध धनोपार्जन और संगठित गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे अभियुक्त
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशों पर जनपद में अपराधियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसओजी और थाना कपकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने संगठित गिरोह बनाकर अवैध धनोपार्जन करने और गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ललित कठायत, तनुज गड़िया और ललित भाकुनी आपस में गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। मामले में 10 जुलाई 2026 को थाना कपकोट में तीनों के खिलाफ गिरोह एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) और बीएनएस की धारा 111 के तहत मुकदमा (FIR No. 41/2026) पंजीकृत किया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस की दबिश से बच रहे थे। पुलिस ने अदालत से तीनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किए। रविवार (23 अगस्त) को एसओजी और पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को कपकोट-भराड़ी रोड स्थित बिट्टू गैराज के पास से धर दबोचा।
[गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण]
- ललित कठायत उर्फ लक्की कठायत (20) पुत्र खुशाल सिंह, निवासी- पालीडुंगरा, थाना कपकोट।
- तनुज गड़िया उर्फ तारा सिंह (20) पुत्र आनंद सिंह, निवासी- ग्राम लीली, थाना कपकोट।
- ललित भाकुनी (26) पुत्र स्व. देवेंद्र सिंह, निवासी- ग्राम द्वारसों, कोतवाली बागेश्वर।





