
सड़क निर्माण के बाद बचा हुआ बारूद घर में छिपाकर रखा था, ऊधमसिंह नगर से पहुंची बीडीएस टीम ने किया मुआयना
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत कपकोट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है । पुलिस ने शामा क्षेत्र के लिली तिराहे पर एक होटल से 104 विस्फोटक (जिलेटिन) छड़ें बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है ।
रूटीन चेकिंग के दौरान पकड़ में आया मामला जानकारी के अनुसार, चौकी शामा प्रभारी सुमित कुमार अपनी टीम के साथ लिली चौराहे पर होटलों और होमस्टे की चेकिंग कर रहे थे । इस दौरान ‘होटल खिलैश’ की तलाशी लेने पर काउंटर के नीचे रखे कट्टे से 104 बेलनाकार विस्फोटक छड़ें बरामद हुईं, जिन पर ‘RAJ GEL 90’ अंकित था । पुलिस ने मौके से होटल स्वामी पान सिंह (52 वर्ष) पुत्र उमेद सिंह को हिरासत में ले लिया ।
ठेकेदार का बचा हुआ बारूद था पास पूछताछ में आरोपी पान सिंह ने बताया कि वर्ष 2010-12 के दौरान क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसके बारूद गोदाम की देखरेख वह स्वयं करता था । कार्य पूरा होने के बाद बची हुई कुछ छड़ों को उसने अवैध रूप से अपने पास रख लिया था ।
बीडीएस और स्निफर डॉग ने की जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊधमसिंह नगर से बम निरोधक दस्ता (BDS) और स्निफर डॉग ‘मौली’ को मौके पर बुलाया गया । टीम ने उपकरणों की मदद से जांच कर पुष्टि की कि बरामद सामग्री विस्फोटक है और इसे सुरक्षित स्थान पर नष्ट करना आवश्यक है ।
संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज पुलिस ने आरोपी पान सिंह के खिलाफ थाना कपकोट में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 के तहत मुकदमा (FIR No. 16/2026) दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है । बरामद विस्फोटक को सील कर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है ।





