डायल-112 पर मर्डर का फर्जी ड्रामा: पुलिस को घुमाया तो कटा चालान

ख़बर शेयर करें -

राष्ट्रीय आपातकालीन हेल्पलाइन डायल-112 पर फर्जी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक युवक को भारी पड़ गया। मण्डलसेरा निवासी नवीन सिंह (पुत्र मदन सिंह) ने डायल-112 पर फोन कर पहले तो साथी से मारपीट की खबर दी, फिर कुछ ही देर बाद साथी की ‘हत्या’ होने की सनसनीखेज सूचना दे डाली।

मर्डर की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाली बागेश्वर पुलिस टीम बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में न तो मारपीट मिली और न ही कोई हत्या। मर्डर की सूचना पूरी तरह मनगढ़ंत और फर्जी पाई गई।

यह भी पढ़ें 👉  18वें जन्मदिन पर राष्ट्रीय चैंपियन ने शुरू की जीवनदान की राह, 45 बार रक्तदान कर चुके पिता से मिली प्रेरणा

एसपी जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर पुलिस का कीमती समय बर्बाद करने और गुमराह करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन सिंह का ‘उत्तराखंड पुलिस एक्ट’ की धाराओं के तहत चालान कर दिया। पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि डायल-112 आपातकालीन मदद के लिए है, इस पर झूठी अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।