
अल्मोड़ा के ताकुला निवासी व्यक्ति की गई जान, पूजा के बाद नदी में नहाने के दौरान बहाव में फंसे
बागेश्वर। जनपद के पगना स्थित ऐतिहासिक सक्तेश्वर (सप्तेश्वर) महादेव मंदिर के पास सरयू नदी में नहाने के दौरान एक श्रद्धालु की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फायर रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पूजा के बाद नहाने गए थे नदी में प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंदन सिंह (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोविंद सिंह, निवासी ग्राम डुटियाल, तहसील ताकुला (जिला अल्मोड़ा), सक्तेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि पूजा और भोजन के उपरांत वह सरयू नदी में स्नान करने के लिए उतरे। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और वहां स्थित पत्थरों के बीच फंस गए। पास में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रेस्क्यू टीम ने निकाला शव हादसे की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बागेश्वर की टीम प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। फायर रेस्क्यू यूनिट ने कड़ी मशक्कत के बाद नंदन सिंह को नदी से बाहर निकाला और स्ट्रेचर के जरिए मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम अल्मोड़ा जनपद से पूजा के लिए आए श्रद्धालु की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हृदय विदारक घटना से सक्तेश्वर क्षेत्र के लोगों में भी शोक की लहर है।





