बुजुर्ग दंपति की मदद को आगे आई रेडक्रॉस सोसायटी

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। रेडक्रॉस सोसाइटी एक बार फिर जरूरतमंदों की मदद करने के लिए आगे आई है। सोसायटी के सदस्यों ने एक गरीब महिला के उपचार में मदद की और उसे इलाज के बाद निजी खर्च से घर भी भिजवाया।

दरअसल तीन दिन पहले कठपुड़ियाछीना के सिया बौडी गांव की देवकी देवी इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल आई थी। उनके पति नारायण राम भी उनके साथ आए। महिला के अंगूठे में तकलीफ थी। जांच कराने पर डॉक्टरों ने बताया कि अंगूठे में गांठ है जिसका ऑपरेशन करना पड़ेगा। दंपति के पास रुपया कम था और उनकी आर्थिक हालत भी अच्छी नहीं थी। जिसके चलते वह बागेश्वर रहकर इलाज कराने में असमर्थ थे। जब इसकी जानकारी रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया वर्मा, मोहीउद्दीन अहमद तिवारी और आतिर असर तिवारी को हुई, वह तत्काल जिला अस्पताल गए और दंपति को एक कंबल मुहैया कराया। सदस्यों ने कैंटीन से उनके भोजन का भी बंदोबस्त किया और इलाज में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। शुक्रवार को महिला के अंगूठे का सफल ऑपरेशन हुआ, जिसके बाद सोसायटी के सदस्यों ने दंपति को घर जाने के लिए किराया भी उपलब्ध कराया। स्वयंसेवकों की इस पहल की चेयरमैन संजय साह जगाती, वाइस चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, जिला सचिव आलोक पांडे, जिला कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय आदि ने सराहना की है।