सीसीटीवी में कैद हुआ दिल दहलाने वाला हादसा, कैंटर की टक्कर से महिला एसआई की मौत

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। बनबसा में हुए एक दिल दहलाने वाले हादसे में महिला एसआई की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी महिला पुलिसकर्मी को एक कैंटर ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को कब्जे में ले लिया है।

बुधवार को बनबसा थाने में नियुक्त महिला उपनिरीक्षक विशेष विजयलक्ष्मी (59) पत्नी श्याम लाल निवासी फागपुर बुधवार को दोपहर बाद ड्यूटी समाप्त कर अपने आवास को जा रही थीं। वह सड़क पर एक वाहन की ओर जा रही थीं कि अचानक तेज गति से आ रहे वाहन संख्या यूके 05 CA 1735 ने उन्हें टक्कर मार दी। वाहन अनियंत्रित होकर बनबसा थाने के सरकारी वाहन पार्किंग में खड़े पुलिस के सरकारी वाहन और स्टाफ के वाहनों से जा टकराया। ट्रक की चपेट में आकर विजयलक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गई। एक अन्य व्यक्ति भी चोटिल हो गया। महिला पुलिसकर्मी को साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल संयुक्त चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में घायल हुए दूसरे व्यक्ति को बनबसा अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

ADVERTISEMENTS Ad