पूर्व विधायक ने किया ऐसा नेक कार्य, हर कोई कर रहा सराहना

ख़बर शेयर करें -


बागेश्वर। लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने वाले कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने फिर एक बार ऐसा कार्य किया है कि जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। दरअसल पूर्व विधायक ने वृद्ध आश्रम में कई साल से रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु होने पर उनका अंतिम संस्कार किया और स्वयं उनकी चिता को मुखाग्नि दी। फर्स्वाण के इस कार्य की जिले भर में लोग तारीफ कर रहे हैं।
समाज कल्याण के नीलेश्वर स्थित वृद्ध आश्रम में पिछले 10 साल से बुजुर्ग महिला कुंती देवी निवास कर रही थी। उन्हें अल्मोड़ा नारी निकेतन से यहां भेजा गया था। बुधवार की रात उनका निधन हो गया। विभाग के रिकॉर्ड में उनके किसी भी सगे संबंधी की जानकारी दर्ज नहीं थी। अब असमंजस यह था चिता को कौन मुखाग्नि देगा। यह जानकारी जब पूर्व विधायक तक पहुंची तो वह बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और श्मशान घाट में उन्होंने महिला की चिता को भी मुखाग्नि दी। महिला की अंत्येष्टि के बाद फर्स्वाण ने कहा कि उन्होंने लोगों की मदद करने का सदैव प्रयास किया है। लेकिन जो संतुष्टि उन्हें आज मिली ऐसा एहसास पहले कभी नहीं हुआ। फर्स्वाण के इस नेक कार्य की लोगों ने सराहना की है।