
बागेश्वर। अगर आप बागेश्वर की सड़कों पर हुड़दंग मचाने, सरेआम जाम छलकाने या ट्रैफिक नियमों को ठेंगा दिखाने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाइए! पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में बागेश्वर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसा चक्रव्यूह रचा है कि हुड़दंगियों और बेलगाम चालकों के होश उड़ गए हैं। सोमवार (6 जुलाई 2026) को पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों पर जमकर हंटर चलाया।
सड़कों पर रील और हुड़दंग का नशा उतरा: 49 वाहन चालकों पर तगड़ा एक्शन
पुलिस के इस विशेष हंटर अभियान से पूरे जिले के वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले, स्टंट करने वाले और पुलिस के आदेशों को हल्के में लेने वाले 49 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन (MV) अधिनियम के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। पुलिस का मूड इतना सख्त था कि इनमें से 07 वाहनों के सीधे कोर्ट के चालान काटकर तगड़ी कोर्ट कचहरी की ‘डोज’ थमा दी गई।
सरेआम उत्पात मचाने वाले 22 मनचलों के कटे चालान
पुलिस की कार्रवाई सिर्फ सड़कों तक ही सीमित नहीं रही। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर गाली-गलौज करने, राहगीरों को परेशान करने और शांति व्यवस्था को भंग करने वाले 22 उत्पातियों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। इन सभी 22 हुड़दंगियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस एक्ट के तहत चलानी कार्रवाई कर कोर्ट का रास्ता दिखाया गया। पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि देवभूमि की शांत वादियों में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी।
📢 बागेश्वर पुलिस की हुड़दंगियों को दो टूक, जनता से अपील:
- सौहार्द बनाएं रखें: सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे का माहौल खराब न करें।
- दूरी बनाएं: शराब पीकर गाड़ी चलाने, हुड़दंग करने या कानून को खिलौना समझने की भूल बिल्कुल न करें, वरना सीधे हवालात की हवा खानी पड़ेगी।
- पुलिस को दें इनपुट: यदि आपके आसपास कोई भी मनचला हुड़दंग मचाता या माहौल खराब करता दिखे, तो तुरंत बिना डरे स्थानीय पुलिस को सूचित करें। आपका नाम गुप्त रहेगा।




