
पुलिस लाइन में न्यायिक और जिला प्रशासन के बीच हुआ मुकाबला; माननीय जिला जज को मिला फेयर प्ले अवॉर्ड
बागेश्वर। पुलिस लाइन मालता के मैदान में रविवार को न्यायिक प्रशासन और जिला प्रशासन के मध्य एक मैत्रीपूर्ण ‘सद्भावना क्रिकेट मैच’ का आयोजन किया गया। खेल भावना और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मुकाबले में जिला प्रशासन की टीम विजयी रही।
न्यायिक प्रशासन ने बनाया 111 रनों का स्कोर मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यायिक प्रशासन की टीम ने निर्धारित ओवरों में सभी विकेट खोकर 111 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी जिला प्रशासन की टीम ने सधी हुई शुरुआत की और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर मात्र 9 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 112 रनों का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।
व्यक्तिगत प्रदर्शन में चमके अधिकारी प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज तोमर को उनके अनुशासित खेल के लिए ‘फेयर प्ले अवॉर्ड’ से नवाजा गया। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए ‘बेस्ट बॉलर’ और एआरटीओ अमित कुमार को बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए ‘बेस्ट बैट्समैन’ चुना गया। वहीं, देवेंद्र मेहरा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ दिया गया।
अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह इस मैत्रीपूर्ण मैच के दौरान डीएफओ आदित्य रत्न, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और इस आयोजन को कार्यक्षेत्र के तनाव से दूर आपसी मेलजोल बढ़ाने वाला एक सकारात्मक प्रयास बताया।





