
हादसा: कूपी बैंड के पास 60 मीटर गहरी खाई में समाया वाहन, सुबह पता चला तो मच गया कोहराम
जिले के सल्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत कूपी बैंड के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक कार अनियंत्रित होकर 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
रात के अंधेरे में हुआ हादसा मृतक की पहचान कचनाल गाजी, काशीपुर निवासी सुभाष सिंह बिष्ट (35) पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। सुभाष पौड़ी गढ़वाल के थलीसैण से अपनी कार (यूके 19 बी 0880) से घर लौट रहे थे। सल्ट क्षेत्र के कूपी बैंड के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। रात का समय होने के कारण किसी को हादसे की भनक तक नहीं लगी।
सुबह स्थानीय लोगों ने दी सूचना शनिवार सुबह करीब 7:25 बजे जब स्थानीय लोगों की नजर खाई में पड़े मलबे और क्षतिग्रस्त कार पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत सल्ट पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। करीब दो घंटे चले अभियान के बाद पुलिस टीम ने वाहन तक पहुँचकर सुभाष के शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों में कोहराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुभाष की मौत की खबर जैसे ही उनके गृह जनपद काशीपुर पहुँची, परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, फिलहाल आशंका है कि वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ।





