
बागेश्वर। क्षेत्र पंचायत संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और पंचायत प्रतिनिधियों की लंबित मांगों पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक के दौरान संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया।
ज्येष्ठ प्रमुख मनीष कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस चुनाव में सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। नई कार्यकारिणी में निर्मल साह को ब्लॉक अध्यक्ष, मनीष कुमार को सचिव, सुनील जोशी को महामंत्री तथा बहादुर बिष्ट को कोषाध्यक्ष चुना गया है। इसके अलावा भगवान भंडारी और दीपा देवी को संरक्षक, कविता बोरा व हरीश चौबे को उपाध्यक्ष, फते सिंह करायत को संयोजक, गोपाल दत्त भट्ट को प्रवक्ता, ज्योति परिहार को सह कोषाध्यक्ष, भारती रावत को महासचिव, कुशाल धनिक को विधिक सलाहकार और काजल आर्या को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मानदेय और विकास निधि बढ़ाने की उठी जोरदार मांग नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष निर्मल साह ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सबसे प्रमुख मांग मानदेय को लेकर है, जिसके लिए लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता से जुड़े विकास कार्यों की जिम्मेदारी निभानी पड़ती है, इसलिए उन्हें उचित मानदेय मिलना बेहद आवश्यक है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन सदस्यों के हितों, विकास निधि में बढ़ोतरी और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से रखेगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे ज्येष्ठ प्रमुख मनीष कुमार ने कहा कि निर्विरोध चुनाव संपन्न होना संगठन की आपसी एकजुटता और विश्वास का परिचायक है। सभी प्रतिनिधियों ने मिलकर क्षेत्र के विकास और संगठन को मजबूती देने का संकल्प लिया है।


