बकायेदारों पर नगर पालिका का डंडा: 40 बड़े डिफाल्टरों के खिलाफ आरआरसी जारी, सरकारी महकमों पर भी कसेगा शिकंजा

ख़बर शेयर करें -

नगर पालिका परिषद बागेश्वर की बड़ी कार्रवाई, निजी भवन स्वामियों और 15 सरकारी कार्यालयों से होगी 4.60 लाख से अधिक की वसूली

बागेश्वर। नगर पालिका परिषद बागेश्वर ने नगर क्षेत्र के भीतर लंबे समय से भवनकर (हाउस टैक्स) दबाकर बैठे बकायेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बार-बार नोटिस जारी होने के बाद भी टैक्स जमा न करने पर पालिका प्रशासन ने आज 20 जून 2026 को कुल 40 बड़े बकायेदारों के खिलाफ राजस्व वसूली प्रमाण पत्र (आर.आर.सी.) की प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई है। इस कार्रवाई की जद में 25 निजी भवन स्वामियों के साथ-साथ 15 सरकारी विभाग और कार्यालय भी आए हैं।

पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस आरआरसी के तहत कुल 4,60,273 रुपये की वसूली की जानी है। इसमें सबसे बड़ी लापरवाही सरकारी विभागों की ओर से देखने को मिली है, जिन पर कुल 3,82,411.00 रुपये (तीन लाख बयासी हजार चार सौ ग्यारह रुपये) का टैक्स बकाया है। वहीं, 25 निजी भवन स्वामियों से पालिका को 77,862.00 रुपये (सतहत्तर हजार आठ सौ बासठ रुपये) वसूलने हैं। पूर्व में इन सभी बकायेदारों को निर्धारित समय के भीतर भुगतान करने के लिए नोटिस दिए गए थे, लेकिन उनके द्वारा पालिका की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया। नगर पालिका परिषद बागेश्वर के अधिशासी अधिकारी विनोद सिंह जीना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ा रुख अपनाया है। नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और राजस्व को सुदृढ़ करने के लिए टैक्स की समय पर वसूली अत्यंत आवश्यक है। संबंधित 40 भवनकर बकायेदारों और सरकारी विभागों को पूर्व में कई बार नोटिस के माध्यम से मौका दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि बीत जाने के बाद भी कोई भुगतान नहीं किया गया। इसी कारण आज मजबूरन आरआरसी की विधिक कार्रवाई शुरू करनी पड़ी है। सभी संबंधित निजी भवन स्वामी और सरकारी विभाग बिना किसी देरी के अपनी बकाया राशि शीघ्र पालिका कोष में जमा कराएं, अन्यथा इसके बाद नियमानुसार कुर्की व अन्य कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। पालिका प्रशासन ने साफ कर दिया है कि टैक्स चोरी या लापरवाही बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई निजी व्यक्ति हो या कोई सरकारी महकमा। इस कार्रवाई से नगर के अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कल 30 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल और आंगनबाड़ी रहेंगे बंद
Ad