भद्रतुंगा में लघु अर्धकुंभ का शुभारंभ, सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हुई कलश यात्रा और मूर्ति स्थापना

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। कपकोट के भद्रतुंगा में कूर्माचल लघु अर्धकुंभ श्री राम महायज्ञ का क्षेत्रीय विधायक सुरेश गडिया, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, ब्लॉक प्रमुख गोविन्द सिंह दानू, जिलाधिकारी अनुराधा पाल, अध्यक्ष समिति व पूर्व कबीना मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और मॉ सरयू की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्जवलित कर भव्य शुभारंभ किया। बालिका इंटर कॉलेज सूपी की छात्राओं द्वार वंदना एवं स्वागत गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इससे पूर्व बुधवार  प्रात: श्रद्धालुओं द्वारा सरयू नदी से जल भरकर आश्रम स्थित राम मंदिर होते हुए मंदिर व यज्ञ मंडप तक भव्य कलश यात्रा निकाली गयी।

इसके उपरांत पंडाल में जन समूह को संबोधित करते हुए लघु कुंभ संरक्षक व विधायक गढ़िया ने कहा कि सरयू देश की पवित्र नदियों में माना जाता है। कैलाश मानसरोवर से गुप्त रूप में अवतरित होकर सरयू झूनी गांव के समीप पहाड़ी से सैकडों जल धाराओं के रूप में प्रकट होती है, इस स्थान को सरमूल के नाम से जाना जाता है। भद्रतुंगा में प्रथम बार स्वामी अभिराम दास त्यागी के प्रयत्न व सरमूल सौधारा, भद्रतुंगा विकास एवं सरयू संरक्षण समिति के प्रयासों से कूर्माचल लघु कुंभ श्री राम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जो क्षेत्र की जनता के साथ ही प्रदेश व देश के लिए शुभ फलदायक होगा। उन्होंने कहा सरकार विकास के लिए तत्पर है। कपकोट क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोडी जाएगी। सरयू माता के मंदिर व घाट भव्य बनाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  उमेश जोशी ने 21वीं और अनिल पंत ने सातवीं बार किया रक्तदान

जिलाधिकारी पाल ने सभी को लघु कुंभ श्रीमराम महायज्ञ आयोजन पर बधाई दी। उन्होंने कहा भद्रतुंगा में  जो मॉ सरयू का नया तीर्थाटन बनाने का प्रयास किया जा रहा है, वह सराहनीय है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन बढेगा वहीं स्वरोजगार को भी बढावा मिलेगा। उन्होंने कहा जनपद में धार्मिक, साहसिक व प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनायें है, हमें उन्हें विकसित करने के लि भरसक प्रयास करने होंगे। उन्होंने सभी को महायज्ञ की बधाई देते हुए सफलता की शुभाकामना दी।

यह भी पढ़ें 👉  जिला सचिव ने 37वीं बार किया रक्तदान, कर अधिकारी ने 17वीं बार दिया रक्त

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष बंसती देव, कपकोट ब्लॉक प्रमुख व समिति सचिव गोविन्द सिंह दानू ने भी संबोधित किया व मॉ सरयू व सरमूल के बारे में विस्तृत जानकारियां दी, साथ ही उन्होंने महामंडलेश्वर स्वामी अभिराम दास त्यागी व देवानंद महाराज का लघु कुंभ श्रीराम महायज्ञ आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन दयाल सिंह कुमल्टा द्वारा किया गया। लघु कुंभ में प्रतिदिन हवन, कथावाचन, भण्डारा आदि आयोजित होगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हरीश ऐठानी, प्रभा देवी, प्रभात दानू, सुरेश काण्डपाल, जगमोहन ऐठानी, विजय लोबियाल, महेश खेतवाल, मनोहर राम, भगवत सिंह कोरंगा, लक्ष्मण देव, हरीश सोनी, उपजिलाधिकारी मोनिका, पुलिस उपाधीक्षक अंकित कंडारी सहित क्षेत्रीय जनता व श्रद्धालुजन मौजूद रहे।