जारी रहेगा गर्मी में ठंड का अहसास, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में जारी रह सकती है बारिश, बर्फबारी

ख़बर शेयर करें -

देश के कई राज्यों में मौसम के चौंकाने का सिलसिला जारी है। उत्तर भारत के राज्यों सहित पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ प्रदेशों में लगातार बारिश जारी है। वहीं उत्तराखंड समेत पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अभी मौसम राहत देने वाला नहीं है। उत्तराखंड में अगले चार दिनों में 3,200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी के साथ पूरे उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और सटे इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते कई दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। घरों में कूलर-पंखे की स्पीड तक कम हो चुकी है। मई के गर्म महीने में ठंड का एहसास हो रहा है। गुरुवार की सुबह भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में कोहरा भी देखने को मिला।
देश के तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड में एक या दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तर और पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, दक्षिण कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में एक या दो जगहों पर हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।