
कपकोट की 119 ग्राम पंचायतों में भारत नेट कार्य शुरू कराने के निर्देश, पांच क्षेत्रों में लगेंगे 4जी टावर
बागेश्वर। जनपद में दूरसंचार सेवाओं की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टेलीकॉम समिति की बैठक में उन्होंने नेटवर्क संबंधी शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से तीन दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की और समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने भारत नेट परियोजना के तहत कपकोट क्षेत्र में लंबित कार्यों को शीघ्र शुरू करने को कहा। उन्होंने बीएसएनएल अधिकारियों को भनार, बैसानी, बड़ेत, कन्यालिकोट और पौसारी क्षेत्रों में 4जी टावर स्थापना का कार्य तीन माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं चोरखरक क्षेत्र में तहसील प्रशासन के सहयोग से सर्वेक्षण कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
डीएम ने कहा कि दूरसंचार सेवाओं में सुधार लाकर आम जनता को बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त खराब नेटवर्क की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जेटीओ को प्रभावित सेवाओं के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जियो, एयरटेल तथा अन्य निजी दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा गया।
जेटीओ गौरव तड़ागी ने बताया कि भारत नेट परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत कपकोट क्षेत्र की 119 ग्राम पंचायतों के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





