
बागेश्वर। हैदराबाद में 12 से 14 दिसंबर 2025 तक आयोजित 41वीं राष्ट्रीय सीनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले की उदीयमान खिलाड़ी अलीशा मनराल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आलिशा की इस उपलब्धि से जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
फाइनल मुकाबले में अलीशा ने गुजरात की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पूर्व भी आलिशा जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता और स्कूली राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें वर्ष 2025 का तीलू रौतेली पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।
प्रतियोगिता के ग्रुप पूमसे वर्ग में विवेक नेगी, जगदीश और दिवाकर कुमार ने रजत पदक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।
अलीशा की सफलता पर कोच कमलेश तिवारी और गोकुल खेतवाल ने खुशी जताई। विधायक सुरेश गडिया, पार्वती दास, प्रदेश मंत्री कुंदन परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिला खेल अधिकारी गुंजन बाला, किरन नेगी, दरवान सिंह परिहार, अनिल कार्की, ललित नेगी, दीपक जोशी, आशीष धपोला, मनीष गडिया, गजेंद्र, महेंद्र, हेमंत, प्रदीप और बालम ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।





