
अयारतोली और गरुड़ में विभागीय कार्यक्रमों की धूम, सहायक निदेशक ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए किया प्रेरित
बागेश्वर। जनपद में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और पशुपालकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए डेयरी विकास विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में अयारतोली में एनपीडीडी प्रोग्राम के तहत सचिवों की बैठक हुई, तो वहीं गरुड़ में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से उत्पादकों को प्रोत्साहित किया गया।
सफलता की कहानियों से मिली प्रेरणा अयारतोली ग्राम पंचायत में आयोजित दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों की बैठक का संचालन सहायक क्षेत्र पर्यवेक्षक पुरन राम ने किया। बैठक में प्रगतिशील कृषक पंकज कनसेरी ने पशुपालन की बारीकियों की जानकारी दी। इस दौरान लोहारी दुग्ध समिति की उत्पादक तारा ने अपनी सफलता के अनुभव साझा किए। सहायक निदेशक डेयरी विकास अनुराग मिश्रा ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उत्पादकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उमेश यादव, बोबी कुमार, दया टाकुली और सुशीला टम्टा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
गरुड़ में 80 उत्पादकों ने लिया हिस्सा विकास खंड गरुड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम में डेयरी विकास विभाग के सहायक निदेशक और फील्ड स्टाफ ने सक्रिय प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की 20 दुग्ध समितियों के 80 उत्पादकों ने भागीदारी की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के माध्यम से 14 दुग्ध उत्पादकों को ‘स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट’ वितरित की गई, ताकि दुग्ध उत्पादन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।





