
हल्द्वानी (14 सितंबर): मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोक सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित करते हुए जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा, “ऐसा कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। गिरिजा शंकर जोशी जी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है और मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जोशी जी भले ही इस संसार से चले गए हैं, लेकिन उन्होंने अपने कार्यों और व्यवहार से जो पहचान बनाई, वह सदैव स्मरणीय रहेगी। उनका जाना हम सभी के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। सरकार इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्व. जोशी का नाम और उनके कार्य आने वाले समय में भी याद रखे जाएं, इसके लिए सभी से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नवीन मीडिया सेंटर का नामकरण स्व. जोशी के नाम करने की मांग
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित समस्त पत्रकारों ने दूरभाष से जुड़े मुख्यमंत्री के समक्ष सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में बन रहे नवीन मीडिया सेंटर का नामकरण स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर किया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि स्व. जोशी जी की यादों और उनके उत्कृष्ट कार्यों को अक्षुण्ण रखने के लिए विचार-विमर्श कर सहमति से निर्णय लिया जाएगा।
शोक सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी (मीडिया सेंटर) अहमद नदीम, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकारगण मौजूद रहे।





