
बागेश्वर।महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत थाना कपकोट पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 18 सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना कपकोट में एक नामजद तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि मनोज सिंह पुत्र बलवंत सिंह (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम वाछम (थाना कपकोट, जिला बागेश्वर) ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ शारीरिक संबंध बनाकर उसे गर्भवती कर दिया।
तहरीर के आधार पर कपकोट थाने में अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा अपराध संख्या 61/2026 पंजीकृत किया गया।
एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने थानाध्यक्ष कपकोट को आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देशों का अनुपालन करते हुए उप निरीक्षक गोल्डी घुघत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज सिंह को 21 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।





