युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाला गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। कपकोट पुलिस ने शामा बाजार में युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शामा के भैंसखाल का रहने वाला है।
    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 10 दिसंबर को नारायण सिंह पुत्र चंचल सिंह निवासी ग्राम मल्खाडूंगर्चा थाना कपकोट जिला बागेश्वर ने थाना कपकोट में तहरीर देते हुए  बताया कि उनके पोते पंकज सिंह उम्र 24 वर्ष के साथ 30 नवंबर की शाम के समय शामा बाजार में गंगा सिंह कोरंगा ने मारपीट व गाली गलौज की और जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर चाकू से वार कर दिया। हमले में पंकज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे गंभीर अवस्था में प्राथमिक चिकित्सालय शामा से जिला चिकित्सालय बागेश्वर और जिला चिकित्सालय बागेश्वर से हायर सेंटर रेफर किया गया। वर्तमान में वह सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307,323, 504 आईपीसी में केस पंजीकृत किया। घटना के बाद से ही अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  अक्षय प्रहलाद कोंडे के आदेश और पुलिस उपाधीक्षक कपकोट शिवराज सिंह राणा के पर्यवेक्षण में आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने शामा तिराहे से आरोपी गंगा सिंह कोरंगा पुत्र दान सिंह कोरंगा निवासी भैंसखाल सामा थाना कपकोट उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अभियोग में धारा 325 आईपीसी की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम में उ०नि० विवेक चंद्र, हेड का० त्रिभुवन मर्तोलिया, कां० अशोक कुमार, कां० नवीन सिंह शामिल थे।