
बागेश्वर। राज्य गुंडा नियंत्रण अधिनियम (गुंडा एक्ट) की कार्रवाई से बचने और लंबे समय से कोर्ट में पेश न होने वाले शातिर वारंटी को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी भतरोला निवासी पंकज उर्फ अनार पुत्र मोहन राम है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में पूरे जिले में वारंटियों व वांछितों की धरपकड़ के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली बागेश्वर पुलिस को सूचना मिली कि धारा 2/3 गुंडा एक्ट में फरार चल रहा आरोपी पंकज लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा है। न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
कोतवाली पुलिस टीम (अतिरिक्त उपनिरीक्षक मोहन सिंह रावत व कांस्टेबल जितेंद्र कुमार) ने पतारसी और सुरागरसी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर वारंटी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।







