पुलिस ने किया हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। जिले के राजस्व क्षेत्र पट्टी इग्यारह देवी में विगत 24 नवंबर को हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
  24 नवंबर को पिथौरागढ़ तहसील के इग्यारह देवी पट्टी के राजस्व गांव बेड़ा में चनर राम पुत्र स्व.देव राम, उम्र- लगभग 40 वर्ष का शव गांव की पानी की टंकी के पास झाड़ियों से बरामद हुआ था। मृतक के सिर पर गम्भीर चोटें थीं और आस-पास पत्थरों में खून के धब्बे और झाड़ियों में घसीटने के निशान भी थे। इस मामले में राजस्व क्षेत्र पट्टी इग्यारह देवी में धारा 302/201 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था। यह मुकदमा 25 दिसंबर को पुलिस को हस्तांतरित हो गया ।जिसकी प्रारम्भिक विवेचना एसआई सुरेश कम्बोज ने की। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 120 बी भादवि व धारा 3(2)वी अनुसूचित जाति/ जनजाति अधिनियम की बढ़ोत्तरी की गयी। एसपी लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार, पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन परवेज अली के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गयी । विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी कृष्ण सिंह उर्फ कृष्णा मेहता पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम खितोली, खीम सिंह पुत्र उत्तम सिंह निवासी मझेड़ा और सह आरोपी प्रकाश भट्ट उर्फ प्रेम पुजारी पुत्र बद्री दत्त निवासी खितोली पोस्ट बेड़ा के नाम सामने आए।
दो आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिये नेपाल भाग गए थे। पुलिस टीम ने सुराग लगाकर सर्विलांस की मदद से 8 दिसंबर को मुख्य आरोपी कृष्ण सिंह को नेपाल बॉर्डर कैनाल पुल कालोनी को जाने वाले रास्ते पर गिरफ्तार किया। सह आरोपी प्रकाश भट्ट उर्फ प्रेम पुजारी ग्राम खितोली को 9 दिसंबर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। फरार चल रहे तीसरे आरोपी खीम सिंह की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ कर रही है।