
- एसबीआई तिराहे के पास दुकान का शटर तोड़ उड़ाए थे 7 महंगे मोबाइल और 30 हजार रुपये
- CCTV फुटेज और सुरागकशी से चढ़ा हत्थे; 70 हजार के मोबाइल व 14 हजार की नकदी बरामद
बागेश्वर। कोतबाली पुलिस ने एसबीआई तिराहे के समीप स्थित मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चार महंगे मोबाइल फोन, ₹14,050 की नकदी और घटना में प्रयुक्त आलानकब (ताला तोड़ने का औजार) बरामद किया गया है।
क्या था मामला?
3 अक्टूबर 2026 को नदीगांव निवासी रवीन्द्र जोशी पुत्र महेश चन्द्र जोशी ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर सौंपी थी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने एसबीआई तिराहे के पास उनकी ‘टॉप मोबाइल’ दुकान का शटर तोड़ दिया। चोर दुकान के गल्ले में रखे ₹30,000 नकद और लगभग ₹1.5 लाख कीमत के 07 मोबाइल फोन चुरा ले गए थे।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर खुलासे के निर्देश दिए। कोतवाली में धारा 331(4)/305(A) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच अपर उपनिरीक्षक मोहन सिंह रावत के सुपुर्द की गई।
पुलिस टीमों ने शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागकशी शुरू की। 4 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी देवेंद्र कुमार उर्फ बबलू (पुत्र लक्ष्मण राम, निवासी ग्राम दुदिला, थाना कौसानी, बागेश्वर) को धर दबोचा। आरोपी के पास से ₹70,000 कीमत के 04 मोबाइल फोन और ₹14,050 नकद बरामद हुए। मुकदमे में धारा 317(2) BNS की वृद्धि कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। सफलता पर एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पकड़ा गया आरोपी देवेंद्र कुमार उर्फ बबलू आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी बैजनाथ और कौसानी थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें उसे जेल व कारावास की सजा हो चुकी है।
बरामदगी:
- 04 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹70,000)
- नकद ₹14,050
- घटना में प्रयुक्त आलानकब (औजार)







