
- एसपी जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर पुलिस टीम ने रोहिणी के ब्रदर्स कैफे से दबोचा अभियुक्त
- बीती 8 मई को जानलेवा हमला कर फरार चल रहा था आरोपी दीपक सिंह नेगी
बागेश्वर। थाना झिरौली पुलिस ने गर्दन पर धारदार चाकू से हमला करने वाले नामजद आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने जनपद में अपराधियों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं, जिसके तहत पुलिस टीम ने यह त्वरित कार्रवाई की।
क्या था पूरा मामला? जानकारी के अनुसार, बीती 8 मई 2026 को एक वादी ने थाना झिरौली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि दीपक सिंह नेगी ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से उनकी गर्दन पर धारदार चाकू से वार कर दिया। तहरीर के आधार पर झिरौली थाने में अभियुक्त के खिलाफ FIR No. 07/2026, धारा 109(1), 351(3) और 352 BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
दिल्ली के रोहिणी से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया था। पुलिस टीम लगातार आरोपी की सुराग रस्सी में जुटी हुई थी। इसी क्रम में आज, 22 जून 2026 को झिरौली पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर अभियुक्त दीपक सिंह नेगी को राजमंदिर के पास, ब्रदर्स कैफे, सेक्टर 17, रोहिणी (दिल्ली) से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त का विवरण:
- नाम: दीपक सिंह नेगी (उम्र 31 वर्ष)
- पिता का नाम: बलवंत सिंह नेगी
- निवासी: ग्राम छानी, थाना झिरौली, जिला बागेश्वर





