
महादेव पुलिया के पास चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा 62 वर्षीय आरोपी; NDPS एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
बागेश्वर। जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशों पर एसओजी (SOG) और कपकोट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2.162 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद चरस की बाजार में काफी कीमत आंकी जा रही है।
एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को कपकोट थाना क्षेत्र के गोलना इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर महादेव पुलिया के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पदम सिंह टाकुली (62 वर्ष) पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम बैछम (थाना कपकोट, बागेश्वर) बताया।
संदिग्ध प्रतीत होने पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के प्रावधानों के तहत राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 2.162 किलो अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने नए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
थाना कपकोट में आरोपी के खिलाफ मु0 FIR No- 63/26, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन अब आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ चरस की इस खेप के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
[इनसेट: गिरफ्तार आरोपी व बरामदगी]
- आरोपी: पदम सिंह टाकुली (62 वर्ष), निवासी बैछम, कपकोट
- बरामदगी: 2.162 किलोग्राम अवैध चरस
- धारा: 08/20 NDPS एक्ट (थाना कपकोट)
- कार्रवाई करने वाली टीम: निरीक्षक सलाउद्दीन खान (प्रभारी SOG), उ०नि० जीवन सामंत, का० कुलदीप वर्मा, का० संतोष सिंह, का० रमेश सिंह, का० भुवन बोरा एवं चालक विजय कुमार।





