नहाने के दौरान दो किशोरियां नदी में बही, खोजबीन के बाद भी नहीं चला पता

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। जिले से सटे नेपाल के बैतड़ी के जुल्लाघाट की दो किशोरियां काली नदी में बह गईं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका सुराग नहीं लगा है। दोनों छात्राएं आदर्श इंटर कालेज झूलाघाट में पढ़ती थीं।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बैतड़ी जिले के जुल्लाघाट में दशरथ चंद नगरपालिका वार्ड नंबर -8 निवासी 15 वर्षीय कविता टम्टा पुत्री महेंद्र टम्टा और 12 वर्षीय संगीता टम्टा पुत्री महेंद्र वार्ड की ही एक अन्य किशोरी के साथ काली नदी में मौरा नामक स्थान पर गई थीं। काली नदी में नहाते समय कविता और संगीता तेज बहाव में बह गईं। उनके साथ गई किशोरी इस घटना से डर गई और उसने शाम छह बजे घटना की जानकारी नेपाल के प्रहरी कार्यालय में दी। इसके बाद नेपाल प्रहरी पुलिस के जवानों ने नदी में खोजबीन की लेकिन नदी में बही किशोरियों का पता नहीं चला। नेपाल प्रहरी इंस्पेक्टर प्रवक्ता लोकराज जोशी ने बताया कि दोनों किशोरियों की ढूंढ़खोज की जा रही है। नेपाल प्रहरी पुलिस ने भारतीय पुलिस और सुरक्षा बलों से भी खोजबीन करने का अनुरोध किया है।