पुंगर नदी में बही 7 साल की बच्ची, मौत; स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। कांडा-कपकोट क्षेत्र के कराली के पास प्राथमिक विद्यालय की एक मासूम छात्रा उफनती पुंगर नदी में बह गई। घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बाद बच्ची का शव घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नदी किनारे बरामद किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, भैरूचपटा (तिलाड़ी तोक) निवासी 7 वर्षीय गुड्डी प्राथमिक विद्यालय कराली में कक्षा 1 की छात्रा थी। मंगलवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद वह अन्य साथियों के साथ पैदल घर लौट रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  अर्टिगा कार से 582 ग्राम अवैध चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, वाहन सीज

रास्ते में पुंगर नदी पर बनी संकरी पुलिया पार करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर सीधे उफनती नदी में जा गिरी। साथ चल रहे बच्चे जब तक कुछ समझ पाते, बच्ची तेज बहाव में बह गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (DCR) के निर्देश पर पुलिस, राजस्व और फायर सर्विस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद कालीगाड़ के पास नदी किनारे से बच्ची का शव बरामद कर लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

ADVERTISEMENTS Ad