
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के ढेला स्थित ‘एक्रोन हाईडवे रिसॉर्ट’ में शनिवार देर रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 52 पुरुषों और 10 महिलाओं सहित कुल 62 लोगों को हिरासत में लिया है। रिसॉर्ट से भारी मात्रा में हरियाणा ब्रांड की अवैध शराब भी बरामद की गई है। इसके साथ ही पार्टी में कुछ नाबालिग किशोरियों के भी मौजूद होने की गंभीर सूचना है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।देर रात पुलिस ने मारा छापा, मची खलबलीजानकारी के अनुसार, पुलिस को देर रात ढेला क्षेत्र के इस आलीशान रिसॉर्ट में अवैध रूप से रेव पार्टी आयोजित होने की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए रिसॉर्ट की घेराबंदी कर अचानक छापेमारी कर दी। पुलिस के दाखिल होते ही रिसॉर्ट के भीतर हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी करते हुए पाए गए, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।एसएसपी करेंगे मामले का बड़ा खुलासापुलिस अब हिरासत में लिए गए सभी लोगों की शिनाख्त करने के साथ-साथ इस बात की जांच कर रही है कि इस हाई-प्रोफाइल पार्टी का मुख्य आयोजक कौन है और उत्तराखंड के भीतर हरियाणा ब्रांड की शराब इतनी बड़ी मात्रा में कैसे सप्लाई की गई।मामले की पुष्टि करते हुए कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि कुल 62 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े कई संवेदनशील पहलुओं की जांच चल रही है। आज शाम 4 बजे एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का बड़ा खुलासा करेंगे।





